शांतरशाह हैप्पी हत्याकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, सहारनपुर का शातिर गिरफ्तार
अर्जुन धारीवाल
हरिद्वार। थाना बहादराबाद क्षेत्र के शांतरशाह में हुए चर्चित हैप्पी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
14 सितंबर 2026 को पतंजलि रोड स्थित देव धर्म कांटा, शांतरशाह के पास 28 वर्षीय युवक हैप्पी की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के भाई कपिल की तहरीर पर थाना बहादराबाद में मुकदमा संख्या 326/2026 धारा 103(1) BNS के तहत केस दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कई टीमें गठित की थीं।
पुलिस के अनुसार देर रात नहर पटरी स्थित तिरछा पुल के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। बाइक सवारों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और कलियर की ओर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाश ग्राम दौलतपुर की ओर मुड़ गए और बाइक छोड़कर झाड़ियों की आड़ से फायरिंग करने लगे। एक गोली सरकारी वाहन पर भी लगी।
जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया। उसकी पहचान मुदस्सिर पुत्र जमशेद, निवासी दतौली रांगड़, थाना कोतवाली देहात, सहारनपुर (उम्र 20 वर्ष) के रूप में हुई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हत्या की वजह पुरानी रंजिश
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश थी। मुख्य आरोपी इस्तकार उर्फ इस्तयाक को शक था कि 2022 में एक युवती को भगाने वाले मामले में हैप्पी ने उसकी मुखबिरी की थी। जेल से बाहर आने के बाद इस्तकार नशे के कारोबार में लिप्त हो गया। हैप्पी द्वारा उसे पुलिस से पकड़वाने की धमकी और पैसों की मांग को लेकर विवाद बढ़ा और 14 सितंबर को हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
बरामदगी:
पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, 2 खोखा व 2 जिंदा कारतूस, एक मोबाइल और एक काले रंग की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।
अच्छे कार्य पर एसएसपी हरिद्वार ने टीम को 2,500 रुपये और IG गढ़वाल ने 5,000 रुपये के इनाम की घोषणा की है। फरार बदमाश की तलाश जारी है।


