पटना कोचिंग वॉर: खान सर पर लड़कियों के शोषण और धमकी देने का गंभीर आरोप, निखिल कोचिंग के डायरेक्टर ने पुलिस से मांगी सुरक्षा
पटना: बिहार की राजधानी पटना का कोचिंग हब एक बार फिर बड़े विवादों में घिर गया है। पटना के मशहूर शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर (Khan Sir) पर उनके पुराने सहयोगी और निखिल कोचिंग सेंटर के डायरेक्टर निखिल कुमार (निखिल सर) ने लड़कियों के शोषण, धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने जैसे कई सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। निखिल कुमार ने इस संबंध में पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) और सुल्तानगंज थाने को लिखित शिकायत देकर अपने लिए सुरक्षा की गुहार लगाई है।
7-8 लड़कियों के प्रताड़ित होने का दावा
निखिल कुमार ने मीडिया के सामने दावा किया कि खान सर के संपर्क में आई कई लड़कियों के साथ गलत हुआ है। उन्होंने कहा, “मेरे संपर्क में फिलहाल 7 से 8 ऐसी लड़कियां हैं जो खान सर द्वारा प्रताड़ित और शोषित की गई हैं। वे जल्द ही इन सभी पीड़ित लड़कियों के बयानों और पक्के सबूतों के साथ बड़ा खुलासा करेंगे।” निखिल के अनुसार, वे ये सारे सबूत पहले पटना पुलिस को सौंपेंगे और उसके बाद इसे सार्वजनिक करेंगे।
यह भी पढ़िए
खुद को बताया MP का CM और दे दिया इस्तीफा! बालाघाट बच्चों की मौत मामले में एक्टिविस्ट अभिजीत दिपके का अनोखा विरोध
“चुप रहने के लिए मिला लाखों का ऑफर, मना करने पर कराई रेकी”
शिकायत पत्र में निखिल कुमार ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने उत्तर प्रदेश की एक पीड़िता का समर्थन किया और खान सर की सच्चाई सामने लाने की कोशिश की, तो उन्हें चुप रहने के लिए लाखों रुपये (मुंह मांगी कीमत) का ऑफर दिया गया था।
निखिल का दावा है कि जब उन्होंने इस रिश्वत को ठुकरा दिया, तो शाहगंज स्थित उनकी कोचिंग के आसपास अज्ञात संदिग्धों द्वारा उनकी रेकी कराई जा रही है। उन्होंने आशंका जताई है कि खान सर के गुर्गों से उनकी जान-माल को गंभीर खतरा है।
कोचिंग हड़पने और विश्वासघात का पुराना विवाद
इस नए विवाद के पीछे दोनों के बीच पुराना व्यावसायिक एग्रीमेंट भी एक बड़ी वजह है। निखिल कुमार का कहना है कि उन्होंने साल 2014 में मुसल्लहपुर हाट के विश्वनाथ मार्केट में ‘निखिल कोचिंग सेंटर’ शुरू किया था। इसी दौरान शुरुआती दौर में फैजल खान (खान सर) को उनके यहाँ पढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई थी और दोनों के बीच पांच साल का लिखित एग्रीमेंट भी हुआ था। निखिल का आरोप है कि साल 2019 में खान सर ने कथित तौर पर साजिश और विश्वासघात करके उनकी कोचिंग की संपत्ति और जगह पर अवैध कब्जा कर लिया था।
पुलिस जांच और अगला कदम
पटना पुलिस को दिए आवेदन में निखिल कुमार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और सच्चाई सामने लाने के लिए फैजल खान का नार्को टेस्ट (Narco Test) कराने की मांग की है।
नोट: ये सभी आरोप पूरी तरह से निखिल कुमार द्वारा पुलिस में दी गई लिखित शिकायत और मीडिया बयानों पर आधारित हैं। इस मामले में अभी पुलिस की आधिकारिक जांच रिपोर्ट और खान सर या उनकी कानूनी टीम की तरफ से इन विशिष्ट आरोपों पर कोई स्पष्टीकरण आना बाकी है।



