उज्जैन के पुरानी कोतवाली क्षेत्र स्थित बगड़िया टावर के ग्राउंड फ्लोर पर बने मेडिकल स्टोर में बुधवार शाम आग लग गई। शटर बंद होने के कारण जहरीला धुआं वेंटिलेशन चैंबर से ऊपरी मंजिलों के फ्लैट्स में फैल गया। करीब ढाई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन में प्रशासन के साथ स्थानीय युवाओं ने मिलकर 50 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
उज्जैन। शहर के पुरानी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बगड़िया टावर में बुधवार शाम करीब 4 बजे भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग इमारत के निचले हिस्से में स्थित ‘एमपी मेडिकल स्टोर’ में लगी थी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। करीब ढाई घंटे तक चले कड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद इमारत में फंसे सभी 50 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस बड़े हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
वेंटिलेशन चैंबर से फ्लैट्स में पहुंचा जहरीला धुआं, चल रहा था कार्यक्रम
उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि आग लगने के समय मेडिकल स्टोर का शटर बंद था। इस कारण आग की लपटें और जहरीला धुआं बाहर निकलने के बजाय इमारत के वेंटिलेशन चैंबर के रास्ते सीधे ऊपरी मंजिलों पर बने फ्लैट्स में भर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय इमारत की ऊपरी मंजिल पर धार्मिक अनुष्ठान का कार्यक्रम भी चल रहा था, जिससे वहां महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में मौजूद थे। घना धुआं भरने से लोगों का दम घुटने लगा और करीब 15 से अधिक लोग ऊपर ही फंस गए। संकरी गली में इमारत होने के कारण शुरुआत में दमकल गाड़ियों को मौके तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पेंटर के झूले से बची जान, 40 युवाओं ने पेश की मानवता की मिसाल
आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और नगर निगम की 6 से 7 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। बचाव कार्य में प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय निवासियों और करीब 40 मुस्लिम व हिंदू युवाओं ने तत्काल आगे आकर मोर्चा संभाला।
- स्थानीय पेंटर जुबैर और उनकी टीम ने इमारत की रंगाई-पुताई में इस्तेमाल होने वाले झूलों और सीढ़ियों को बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से तक लगाया, जिसकी मदद से कई लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
- बचाव कार्य में जुटे अल्फेज और शाहिद जैसे युवाओं ने बताया कि अंदर धुआं इतना घना था कि सांस लेना मुश्किल था, जिसके बाद उन्होंने अपनी शर्ट उतारकर मुंह ढका और लोगों को बाहर निकालने में जुट गए।
- आग को फैलने से रोकने के लिए युवाओं और स्थानीय लोगों ने बाल्टियों से पानी डाला और आग तक पानी पहुंचाने के लिए आसपास की चार दुकानों के शटर तक तोड़ने पड़े। एसपी प्रदीप शर्मा ने पेंटर जुबैर और स्थानीय युवाओं के इस साहस की विशेष सराहना की।
कैंसर पीड़ित महिला को बचाते समय फायरमैन हुए बेहोश
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान नगर निगम के फायरमैन अभिषेक तिवारी ने अदम्य साहस का परिचय दिया। उन्होंने धुएं के बीच इमारत में घुसकर एक कैंसर पीड़ित महिला और उनकी बेटी को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि, जब वे दो अन्य फंसी हुई महिलाओं को बचाने के लिए दोबारा अंदर गए, तो जहरीले धुएं की चपेट में आने से वे बेहोश हो गए। साथी कर्मियों ने उन्हें तुरंत बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इसके अलावा, धुएं से दम घुटने के कारण 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला सरोज समेत अन्य प्रभावित लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी की स्थिति सामान्य है।
फायर सेफ्टी की खुली पोल, एक्सपायरी दवाइयों की शिकायत पर उठे सवाल
इस अग्निकांड ने शहर की व्यावसायिक इमारतों में अग्नि सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बगड़िया टावर में न तो कोई आपातकालीन निकास था और न ही आग बुझाने के पर्याप्त उपकरण मौजूद थे। संकरे गलियारों के कारण लोगों को बाहर निकलने में भारी परेशानी हुई।
इसके साथ ही एक बड़ा खुलासा यह भी हुआ है कि टावर के मालिक अरुण बगड़िया ने 11 अगस्त को ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि नीचे स्थित एमपी मेडिकल स्टोर में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी दवाइयां रखी हुई हैं, जिन्हें हटवाया जाए।
कलेक्टर ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश
मौके पर पहुंचकर खुद रेस्क्यू ऑपरेशन की कमान संभालने वाले उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता सभी लोगों को सुरक्षित निकालना थी, जो सफल रही। उन्होंने पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। अब जांच टीम यह पता लगाएगी कि आग लगने का सटीक कारण क्या था, इमारत में फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी कैसे हुई और एक्सपायरी दवाइयों की पुरानी शिकायत पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


